HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित, हाईस्कूल में 92% और इंटर में 88.48% छात्र सफल

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड की 10वीं (पूर्वमध्यमा) एवं 12वीं (उत्तरमध्यमा) कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पश्चिम बंगाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर परिणाम जारी किया।

इस वर्ष कुल 1775 छात्र-छात्राओं ने संस्कृत बोर्ड की परीक्षा दी, जिनमें 950 छात्र पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) और 825 छात्र उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) में शामिल हुए। घोषित परिणाम के अनुसार हाईस्कूल में 92 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट में 88.48 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परीक्षा में सफल सभी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि परिणाम समयबद्ध तरीके से जारी किया गया है, जो विभागीय पारदर्शिता और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

मंत्री ने श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से फोन पर वार्ता कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने असफल विद्यार्थियों को निराश न होने की सलाह देते हुए पुनः तैयारी कर बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

संस्कृत शिक्षा (प्रभारी) निदेशक कंचन देवराड़ी ने बताया कि परीक्षा परिणाम संस्कृत निदेशालय, देहरादून से घोषित किया गया है। परिणाम विभागीय वेबसाइट और डिजिलॉकर पर अपलोड कर दिए गए हैं, जहां से छात्र-छात्राएं आसानी से अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

इस अवसर पर सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सचिव उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद पद्माकर मिश्र, संयुक्त निदेशक मंजू भारती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles