HTML tutorial
HTML tutorial

स्कूल चलो अभियान’ के तहत 67,815 नए छात्रों का दाखिला, प्रवेशोत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

स्कूल चलो अभियान’ के तहत 67,815 नए छात्रों का दाखिला, प्रवेशोत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत
Spread the love

देहरादून। प्रदेश में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों में कुल 67,815 नए छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। इस अवसर पर नवप्रवेशित बच्चों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए नवप्रवेशित बच्चों को शुभकामनाएं दीं और अधिकारियों को शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक स्तर पर 24,381, उच्च प्राथमिक स्तर पर 31,008 तथा माध्यमिक स्तर पर 12,426 छात्रों ने प्रवेश लिया। कक्षा-1 में सर्वाधिक 20,405 बच्चों का नामांकन दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त कक्षा-6 में 28,676 छात्रों ने प्रवेश लिया, जो उच्च प्राथमिक स्तर पर सबसे अधिक है।

प्रदेशभर के राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव के दौरान बच्चों को आकर्षित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों में उत्सव का माहौल रहा और छात्रों को नई पुस्तकों के साथ शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा रहा है। स्कूलों का डिजिटलाइजेशन, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और शिक्षकों की नियुक्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने और ड्रॉपआउट दर कम करने के लिए अधिकारियों व शिक्षकों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

देवभूमि खबर

Related articles