55 वर्षों बाद आदर्श ग्राम सभा पाली ने चुना निर्विरोध प्रधान, वीरेंद्र सिंह नेगी निर्विरोध चयनित

55 वर्षों बाद आदर्श ग्राम सभा पाली ने चुना निर्विरोध प्रधान, वीरेंद्र सिंह नेगी निर्विरोध चयनित
Spread the love

टिहरी। आखिरकार पूरे 55 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आदर्श ग्राम सभा पाली के ग्रामीणों ने पहली बार निर्विरोध प्रधान चुना। ग्राम पंचायत की बैठक में सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे वीरेंद्र सिंह नेगी को सभी ग्रामीणों ने मिलकर निर्विरोध प्रधान चुना।

गौरतलब है कि ग्राम सभा पाली को उत्तराखंड सरकार द्वारा करीब 21 वर्ष पहले ग्राम सभा कोटी-फैगुल से अलग किया गया था। यह विभाजन इसलिए हुआ था क्योंकि पहले की कोटी-फैगुल ग्राम सभा भिलंगना विकासखंड की सबसे बड़ी ग्राम सभा थी, जिसमें कोटी, पाली, स्यालकुंड और असगढ़ चार राजस्व ग्राम शामिल थे। इसका क्षेत्रफल करीब 32 वर्ग किलोमीटरथा, जिसकी सीमाएं पूर्व में कीर्तिनगर विकासखंड, पश्चिम में जाखणीधार विकासखंड तथा दक्षिण में देवप्रयाग विकासखंड से मिलती थीं।

उत्तराखंड सरकार की नीति के तहत छोटी ग्राम पंचायतों के गठन के उद्देश्य से पहले कोटी ग्राम सभा को कोटी व पाली में विभाजित किया गया, और बाद में पाली को भी दो भागों में विभाजित कर पाली व स्यालकुंड ग्राम सभाओं का गठन हुआ।

इतिहास में दर्ज यह अवसर ग्राम सभा पाली के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि स्व. धूम सिंह राणा के बाद लगभग 55 वर्षों में पहली बार निर्विरोध प्रधान चुना गया है। इस चयन में श्री शिव प्रसाद भट्ट (सेवानिवृत्त सहायक निदेशक, संस्कृत शिक्षा) एवं श्री खुशी राम घिल्डियाल (सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक) का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से यह निर्विरोध निर्वाचन संभव हो सका।

निर्विरोध चुने गए प्रधान वीरेंद्र सिंह नेगी के साथ ग्राम पंचायत के सात वार्डों के सदस्य भी निर्विरोध चुने गए, जिनमें पांच महिला सदस्य—सुषमा देवी, श्रवाणी देवी, सुमित्रा देवी, सुमित्रा देवी (दो अलग-अलग वार्डों से) और दो पुरुष सदस्य—हरीश सिंह नेगी व भारत भूषण घिल्डियाल शामिल हैं।

विशेष बात यह रही कि वीरेंद्र सिंह नेगी को श्री शिव प्रसाद भट्ट जी ने बचपन में पढ़ाया था और आज उन्हीं के आशीर्वाद से वे निर्विरोध प्रधान बने। इस ऐतिहासिक मौके पर वीरेंद्र सिंह नेगी ने अन्य वार्ड सदस्यों के साथ अपने गुरु श्री शिव प्रसाद भट्ट के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया।

गांव में इस ऐतिहासिक और सौहार्दपूर्ण निर्विरोध चुनाव से खुशी और उत्साह का माहौल है।

देवभूमि खबर

Related articles