हरिद्वार पुलिस की मानवता का उदाहरण, CPR देकर बुजुर्ग की बचाई जान
हरिद्वार। रात्रि ड्यूटी के दौरान हरिद्वार पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां पुलिसकर्मी और एक श्रद्धालु महिला की सूझबूझ से एक बुजुर्ग की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीमगोडा बैरियर पर तैनात कांस्टेबल बसंत पांडे को एक श्रद्धालु महिला द्वारा सूचना दी गई कि एक बुजुर्ग व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही कांस्टेबल तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला के साथ मिलकर बिना समय गंवाए प्राथमिक उपचार के रूप में CPR देना शुरू किया।
उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही क्षणों में बुजुर्ग व्यक्ति की सांसें वापस चलने लगीं। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस बुलाकर बुजुर्ग को अस्पताल भिजवाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, समय पर दिया गया CPR और पुलिस की तत्परता ही बुजुर्ग की जान बचाने में निर्णायक साबित हुई।
यह घटना हरिद्वार पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है, जो आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और कार्रवाई की महत्ता को दर्शाती है।

