श्यामपुर में सनसनीखेज खुलासा: आत्महत्या नहीं, पत्नी-बेटी ने की बबलू की हत्या
हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभ में आत्महत्या का दावा किया गया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में यह मामला हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को ग्राम लाहड़पुर निवासी पूजा ने सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
इसी दौरान मृतक के भाई राजू द्वारा पत्नी, बेटी व एक अन्य युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई, जिसके आधार पर कोतवाली श्यामपुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस जांच, स्थानीय लोगों से पूछताछ व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा हुआ। मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने तकिये से मुंह दबाकर हत्या की। पूछताछ में आरोपी पत्नी और नाबालिग बेटी ने बताया कि मृतक को उनके अवैध संबंधों की जानकारी होने पर वह शराब के नशे में मारपीट करता था, जिसके चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई।
मामले में पुलिस अन्य संदिग्धों, जिनमें कथित प्रेमी की भूमिका भी शामिल है, की जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस प्रकरण के सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल सुदेश खरोला, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, महिला कांस्टेबल रेशमा सुल्ताना, महिला कांस्टेबल माधुरी, चालक मोहन सिंह रावत, महिला होमगार्ड रीना रानी तथा सीआईयू हरिद्वार से वसीम शामिल रहे।

