आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार को दी चेतावनी, एक माह में मानदेय बढ़ोतरी नहीं हुई तो होगा आंदोलन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार को दी चेतावनी, एक माह में मानदेय बढ़ोतरी नहीं हुई तो होगा आंदोलन
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सेविकाओं के विभिन्न संगठनों की संयुक्त बैठक रविवार को उज्जवल रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने की। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड तथा उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ देहरादून के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला खत्री का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को लेकर सरकार से कई बार अनुरोध किया गया और विभिन्न संगठनों ने धरना-प्रदर्शन के माध्यम से भी अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाई हैं, लेकिन अभी तक समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।

पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद धरना स्थगित किया गया था। उस समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य सरकार की ओर से तत्काल 140 रुपये की बढ़ोतरी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन पांच माह बीतने के बाद भी इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

संगठन ने कहा कि सरकार द्वारा सेवानिवृत्ति के समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई थी, लेकिन अभी तक इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ है। संगठन ने सरकार से मानदेय में तत्काल बढ़ोतरी करने तथा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये दिए जाने का शासनादेश जारी करने की मांग की।

आंगनबाड़ी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर मानदेय बढ़ोतरी का निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होगी।

बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष पूनम, प्रदेश सदस्य अंजू हरिद्वार, धनापा नैनीताल, विमला पनीर चंपावत, जिला प्रभारी पौड़ी दिनीता रावत, जिला अध्यक्ष हरिद्वार रितेश चौहान, जिला अध्यक्ष पिथौरागढ़ नीमा जोशी, जिला अध्यक्ष चंपावत मीना बोरा, जिला अध्यक्ष ऊधम सिंह नगर चंद्रावती, जिला अध्यक्ष देहरादून पिंकी, टिहरी जिला सचिव सरोजिनी अंथवाल, ब्लॉक अध्यक्ष पौड़ी पिंकी रावत, ब्लॉक अध्यक्ष रिखणीखाल सुषमा गुसाईं, ब्लॉक अध्यक्ष अगस्त्यमुनि सुमन खंडूड़ी, ब्लॉक अध्यक्ष रायपुर ममता चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ममता बादल, प्रदेश महामंत्री रूबी त्यागी सहित विभिन्न जिलों और ब्लॉकों के अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन की गतिविधियों में प्रतिभाग किया।

देवभूमि खबर

Related articles