आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
Spread the love

काशीपुर। आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह का काशीपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से पीड़ित से वसूली गई धनराशि में से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की है।

10 अगस्त 2026 को कुंडेश्वरी, काशीपुर निवासी सर्वेश कुमार ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ मारपीट कर रुपये वसूले, जान से मारने की धमकी दी तथा षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल किया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026, धारा 115(2), 308(5) और 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज धौनी को सौंपी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य अभियुक्त राजेंद्र कुमार को 12 सितंबर 2026 को प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए पीड़ित से रुपये वसूलने की योजना बनाए जाने की बात स्वीकार की। अभियुक्त के अनुसार पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे धनराशि वसूली गई।

गिरफ्तार अभियुक्त राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय सतनाम सिंह निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर, बिजनौर, उम्र 32 वर्ष है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीड़ित से वसूले गए एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की है। मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

अभियुक्त के आपराधिक इतिहास में थाना काशीपुर में वर्ष 2023 में धारा 489(ए), 489(बी), 489(सी), 34 भारतीय दंड संहिता तथा थाना आईटीआई में वर्ष 2022 में धारा 417, 420, 468, 471 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज धौनी, कांस्टेबल सुनील भाकुनी, कांस्टेबल बीरेन्द्र बिष्ट और राहुल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles