यूटीयू परीक्षा पेपर लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर साझा किए थे प्रश्न

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्न साझा कर अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर कोतवाली प्रेमनगर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें 3 जुलाई को कॉलेज के सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न साझा करने की जानकारी दी गई थी। परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का मूल प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी पाया कि सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर परीक्षा से जुड़े प्रश्न साझा किए थे। इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने और छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने का मामला मानते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर त्वरित जांच करते हुए पुलिस ने दस्तावेजी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40 वर्ष), सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही इस पूरे प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

