
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा 16 जनवरी से सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में भवाली क्षेत्र में कोतवाली भवाली एवं यातायात पुलिस की टीम ने डेविटो हायर सेकेंड्री स्कूल भवाली के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर यातायात जागरूकता रैली निकाली तथा आमजनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली नगर पालिका ग्राउंड भवाली से मुख्य बाजार होते हुए भवाली चौराहे तक निकाली गई। “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” थीम के तहत छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन व तख्तियां लेकर वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार जनपद के सभी थाना एवं यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में नैनीताल पुलिस द्वारा लगातार स्थानीय जनता और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, टैक्सी व बस चालकों तथा आमजनमानस को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में ‘गुड सेमेरिटन’ प्रावधान के तहत घायलों की तत्काल मदद करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में लगभग 180 छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस जागरूकता टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशिफ खान, अपर उपनिरीक्षक लेखराज कंबोज, अपर उपनिरीक्षक हरीश सिंह, हेड कांस्टेबल टीपी मनोज पंत, कांस्टेबल हरीश बिष्ट, महिला 31वीं पीएसी रुद्रपुर से होमगार्ड अमित सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

