सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण में बाबा साहब का योगदान अनुकरणीय : प्रो. हर्ष डोभाल

सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण में बाबा साहब का योगदान अनुकरणीय : प्रो. हर्ष डोभाल
Spread the love

टिहरी। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के चंद्रबदनी (नैखरी) परिसर में दून विश्वविद्यालय के डॉ. अंबेडकर चेयर एवं समाजशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न भीमराव अंबेडकर के सामाजिक न्याय एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में दून विश्वविद्यालय के डॉ. अंबेडकर चेयर के प्रोफेसर हर्ष डोभाल ने कहा कि बाबा साहब आधुनिक भारत के शिल्पी थे और उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि भारतीय संविधान विश्व की श्रेष्ठ लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि संविधान में समाज के हर वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, विशेष रूप से दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संवैधानिक अधिकार प्रदान किए गए हैं।

प्रो. डोभाल ने बताया कि दून विश्वविद्यालय में स्थापित डॉ. अंबेडकर चेयर राज्य के दलितों, आदिवासियों एवं वंचित वर्गों के सामाजिक और आर्थिक पहलुओं पर शोध एवं अध्ययन के साथ सीमांत क्षेत्रों के विकास का रोडमैप तैयार करने की दिशा में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि चंद्रबदनी परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ समाजोपयोगी शोध कार्यों को बढ़ावा देने का प्रयास है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिसर निदेशक महंथ मौर्य ने कहा कि बाबा साहब केवल युवाओं ही नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के आदर्श हैं। उनके विचार और दर्शन आज भी प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर पीटीआई के वरिष्ठ पत्रकार शिशिर प्रशांत ने कहा कि आज समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं और लड़कियों की बढ़ती भागीदारी संविधान और बाबा साहब की दूरदर्शी सोच का प्रभाव है।

दून विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण एच सी पुरोहित ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच एवं सही करियर चयन के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए विषय का गहन अध्ययन और विशेषज्ञता जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पी. एस. बिष्ट ने किया। इस अवसर पर डॉ. दयाधर दीक्षित, सुरेश कुमार भट्ट, बेदनिधि गुनियाल, डॉ. आशुतोष पांडेय, अनुपमा फोनिया सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles