पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सीएम धामी का स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और मां डाट काली मंदिर तक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जसवंत ग्राउंड में मंच और दर्शक दीर्घा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

