पर्यटन सीजन से पहले कैंची धाम का निरीक्षण, एडीजी ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

पर्यटन सीजन से पहले कैंची धाम का निरीक्षण, एडीजी ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
Spread the love

नैनीताल।आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने सुप्रसिद्ध कैंची धाम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की यातायात प्रणाली का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं ऐसी होनी चाहिए जिससे स्थानीय लोगों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए एक व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए, जिसमें नो-पार्किंग जोन का प्रभावी निर्धारण किया जाए ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी आवश्यक जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों से मंदिर तक शटल सेवा को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। निर्माणाधीन पार्किंग और बाईपास मार्ग के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए भी आवश्यक समन्वय के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत एडीजी ने मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में उन्नत तकनीक वाले सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और बेहतर पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा और यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles