भूमियाल देवता मंदिर चोरी का 4 घंटे में खुलासा, चांदी का छत्र और अंगूठी बरामद

चमोली। चमोली पुलिस ने आस्था से जुड़े एक मंदिर चोरी के मामले का महज चार घंटे में सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया चांदी का छत्र और चांदी की अंगूठी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कोतवाली चमोली में सूचना मिली कि 21 जुलाई की रात ग्राम खैनुरी स्थित भूमियाल देवता मंदिर से अज्ञात चोर चांदी का छत्र और चांदी की अंगूठी चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई। इस संबंध में कोतवाली चमोली में बीएनएस की धारा 305(D) एवं 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में मामले का खुलासा कर आरोपी लखपत सिंह (35 वर्ष) निवासी ग्राम खैनुरी, थाना एवं जनपद चमोली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का छत्र एवं चांदी की अंगूठी बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश, कांस्टेबल विनोद पंवार, बनवीर सिंह और मितेंद्र दत्त की टीम ने अंजाम दिया।

