पटेलनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, ₹5 लाख की सुपारी लेकर बैंककर्मी पर गोली चलाने वाला आरोपी घायल

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अंकित ने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर कुछ दिन पूर्व शिमला बायपास रोड पर एक बैंककर्मी सत्यम कुमार को जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग और कांबिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को साक्षी चौहान ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। शिमला बायपास रोड पर बड़ोवाला क्षेत्र में पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी रोककर सत्यम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
11 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल दोनों आरोपी दोबारा देहरादून आए हैं। सूचना पर पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गोरखपुर चौक पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों पुलिस को देखकर प्रेमनगर रोड की ओर भाग निकले।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो दोनों आरोपी चाय बागान की पगडंडी पर मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसकी मुलाकात हरिद्वार निवासी मोहित से हुई थी, जिसने उसकी पहचान अपनी परिचित मालिया रहमान से कराई थी। मालिया एक निजी बैंक में कार्यरत है और वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से बैंक में नौकरी के दौरान हुई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए उसे ₹5 लाख देने का सौदा हुआ था, जिसमें उसे पहले ₹1 लाख 20 हजार अग्रिम दिए गए थे।
आरोपी के अनुसार 8 सितंबर को वह अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून आया और उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम का इंतजार किया। शाम को सत्यम के बैंक से निकलने पर दोनों ने उसका पीछा किया और बड़ोवाला क्षेत्र में सुनसान स्थान पर स्कूटी रोककर उस पर गोली चला दी। घटना के बाद दोनों आरोपी दिल्ली और हरियाणा भाग गए थे। आरोपी ने बताया कि वह अपने हिस्से की बची हुई रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आया था।
पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी अंकित चौहान पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। फरार आरोपी अंकुर की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
