एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 1.5 करोड़ कीमत का हाथी दांत बरामद, 2 वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार
देहरादून।उत्तराखंड में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ की रणनीति के तहत कुमाऊं यूनिट ने उधामसिंह नगर जनपद के सितारगंज क्षेत्र में दो शातिर वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बराकोली रेंज, कल्याणपुर क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से करीब 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर राज्य में वन्यजीव अपराधों और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में टीमों को सक्रिय कर तस्करों की निगरानी और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में संलिप्त थे। एसटीएफ को पहले से मिली सूचना के आधार पर स्थानीय नेटवर्क विकसित कर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसटीएफ ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अपील करते हुए एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि वन्यजीव तस्करी की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ से संपर्क करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

