उत्तरकाशी में नशे पर बड़ा प्रहार, 1.032 किग्रा चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने तेखला पुल के पास से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 1.032 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार एवं एसओजी प्रभारी निखिल देव चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राममोहन सिंह रावत (59 वर्ष) और कमल सिंह (52 वर्ष), निवासी ग्राम भंकोली, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त चरस को तराई क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के आधार पर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

