दून पुलिस का बड़ा प्रहार: 20 लाख की कोकीन के साथ कोबरा गैंग के 2 विदेशी समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन और ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों सहित तीन ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है। थाना राजपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 जून 2026 को राजपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कोबरा गैंग से जुड़े ड्रग पैडलर हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई के लिए क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी सवार दो विदेशी तस्करों को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया। वहीं सीआईएसएफ तिराहा, ओल्ड मसूरी रोड के पास एक कार सवार आरोपी को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार विदेशी आरोपियों ने स्वयं को सूडान का निवासी और कोबरा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने खुलासा किया कि मांग के अनुसार दिल्ली से कोकीन लाकर देश के विभिन्न हिस्सों में अपने एजेंटों और पैडलरों के माध्यम से सप्लाई की जाती है। आरोपी देहरादून में आयोजित होने वाली पार्टियों में इस कोकीन की सप्लाई करने की तैयारी में थे। वहीं तीसरे आरोपी जावेद आलम ने भी दिल्ली से कोकीन लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य नशा तस्करों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और कार को भी सीज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राजपुर पुलिस कोबरा गैंग के 9 विदेशी तस्करों सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 200 ग्राम कोकीन बरामद कर चुकी है, जिसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये आंकी गई थी।
एसएसपी देहरादून ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माइकल इक्का मेकसन (मूल निवासी सूडान) लेविकिरी वानिकी (मूल निवासी सूडान)जावेद आलम निवासी देवबंद, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, उपनिरीक्षक अनित कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश, ललित, सुशील और अमित शामिल रहे।

