कोठानी गांव में महिला रामलीला की धूम, धनुष यज्ञ और सीता स्वयंवर मंचन ने बांधा समां
रिपोर्ट: प्रताप सिंह नेगी।
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि अंतर्गत ग्राम कोठानी, ग्राम पंचायत छिनका में मां नन्दा महिला रामलीला मांगल योग समिति द्वारा 11 दिवसीय महिला रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पतंजलि योग समिति की प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी शाह के नेतृत्व में आयोजित इस रामलीला में महिलाओं द्वारा विभिन्न पौराणिक पात्रों का सशक्त मंचन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं।
रामलीला के दौरान धनुष यज्ञ एवं सीता स्वयंवर का आकर्षक मंचन किया गया। इसमें तनुजा ने भगवान राम, राखी ने लक्ष्मण, हेमंवती ने सीता, बसुमति बिष्ट ने राजा जनक, सोना नेगी ने सुनैना, पुष्पा रावत ने अहिल्या, मुन्नी बिष्ट ने रावण, लीला संगेला ने परशुराम तथा कविता पवार ने विश्वामित्र की भूमिका निभाई। इसके अलावा सीमा गुसाईं, मीना नौटियाल, सुमित्रा, सुधा और अन्य महिलाओं ने भी विभिन्न पात्रों का सफल अभिनय किया।
समिति की यह उपलब्धि विशेष इसलिए भी है क्योंकि यह महिला रामलीला मंडली दो बार अभिमन्यु चक्रव्यूह नाटक तथा दो बार अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े आयोजनों में अपने अभिनय का प्रदर्शन कर चुकी है। उत्तर प्रदेश में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान आयोजित महिला रामलीला में भी उत्तराखंड के आठ जिलों की महिलाओं ने भागीदारी कर राज्य और महिला शक्ति का गौरव बढ़ाया था।
मां नन्दा महिला रामलीला मांगल योग समिति द्वारा इस वर्ष अपनी 16वीं रामलीला का मंचन किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप सिंह नेगी ने समिति की सभी पदाधिकारियों एवं कलाकार महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण और निरंतरता के साथ महिलाओं ने रामलीला और अभिमन्यु चक्रव्यूह जैसे नाटकों का मंचन किया है, वह अन्य महिला संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक महिला समूहों को सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में आगे आकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए।

