बैरागीवाला हत्याकांड में फरार आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार, दून पुलिस की बड़ी सफलता

Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने बैरागीवाला हत्याकांड में फरार चल रहे एक और आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इससे पहले पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी सहित नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान एक पक्ष के 30-40 लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने पहले ही मुख्य आरोपी सहित नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से लगातार दबिश दी। इसी क्रम में सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र में दबिश देकर फरार आरोपी यूनुस पुत्र स्वर्गीय महबूब, निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में प्रकाश में आए अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह, कांस्टेबल बृजपाल सिंह, कांस्टेबल कुलदीप तथा एसओजी देहात के कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles