कैंटीन संचालक हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रुड़की। कोतवाली रुड़की क्षेत्र में कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी सौरभ ताजपुरिया पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसके दो साथियों अर्पित सैनी और दीप यादव को कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को ढंडेरा निवासी सुभाष चंद्र ने अपने बेटे अमन की अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की शिकायत कोतवाली रुड़की में दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 378/2026, धारा 103(1), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि हत्या के आरोपी अपने कपड़े लेने के लिए मोटरसाइकिल से ढंडेरा की ओर आए हैं। सूचना पर पुलिस ने ढंडेरा स्थित गौतम फार्म हाउस के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी बाइक लेकर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान बाइक सवार एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। करीब 300-400 मीटर आगे आरोपियों ने बाइक सरिता विहार कॉलोनी की ओर मोड़ दी और मोटरसाइकिल सड़क किनारे छोड़कर गन्ने के खेत की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी और कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अमन का सौरभ ताजपुरिया की बहन से प्रेम प्रसंग था। सौरभ की बहन की शादी होने के बाद भी दोनों के बीच मेलजोल जारी रहने से सौरभ मृतक से रंजिश रखने लगा था। पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सौरभ ने अपने साथियों के साथ शराब पीकर अमन की हत्या की योजना बनाई और ढंडेरा में अमन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। गोली लगने से अमन की मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर पीछे बैठे उसके दोस्त प्रशांत को भी गोली लगने से चोट आई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ ताजपुरिया, निवासी डिफेंस कॉलोनी, रुड़की,अर्पित सैनी, निवासी ग्राम तस्का, कोतवाली मंगलौर,दीप यादव, निवासी माता वाला हसन बाग, लंढौरा के रूप में हुई।
कार्रवाई में कोतवाली रुड़की पुलिस और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।इस कार्रवाई में कोतवाली रुड़की पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने किया। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, उपनिरीक्षक चंद्र मोहन, हेड कांस्टेबल अरविंद, हेड कांस्टेबल रजत चौधरी, कांस्टेबल अनिल शर्मा, कांस्टेबल शूरवीर और कांस्टेबल मुकेश सैनी शामिल रहे। वहीं, एसओजी टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल महिपाल, कांस्टेबल अजय कला और कांस्टेबल राहुल नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
