नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई

नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई
Spread the love

पौड़ी ।जनपद के नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों और नदी घाटों पर कूड़ा-करकट व गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने कुछ अज्ञात स्थानीय व्यक्तियों और पर्यटकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है, जिनके द्वारा मंदिर के आस-पास के क्षेत्र में गंदगी फैलाकर स्वच्छ वातावरण को नुकसान पहुंचाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह द्वारा सभी कोतवाली और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि मंदिरों, धार्मिक स्थलों, पर्यटक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और नदियों में गंदगी फैलाने या मलबा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दिशा में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला के नेतृत्व में क्षेत्र में नियमित चेकिंग की जा रही है, जिसमें गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है।

नीलकंठ मंदिर के समीप गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध थाना लक्ष्मणझूला में मु.अ.सं. 19/25, धारा 272/279/280/292 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मंदिर परिसर, सार्वजनिक स्थलों और जल स्रोतों में कूड़ा-करकट न डालें तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

देवभूमि खबर

Related articles