जातीय जनगणना कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, राष्ट्रीय सुरक्षा पर विशेष सत्र बुलाए सरकार: सूर्यकांत धस्माना
देहरादून।कांग्रेस पार्टी ने देश में जातीय जनगणना के मुद्दे पर केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया है। यह बात रविवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरुआत से ही जातीय जनगणना का विरोध करती रही है, लेकिन कांग्रेस के सतत दबाव और आंदोलन की रणनीति के चलते सरकार को आखिरकार इसकी घोषणा करनी पड़ी।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने अपने अहमदाबाद राष्ट्रीय अधिवेशन में ‘न्याय पथ संकल्प’ के तहत जातीय जनगणना के लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की थी। लोकसभा में राहुल गांधी और राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संसद में यह मांग उठाई थी, जिसे भाजपा ने पहले नकार दिया था। भाजपा नेता नितिन गडकरी द्वारा जातीय जनगणना का मजाक उड़ाते हुए उस पर लात मारने जैसे शब्दों का प्रयोग करना और अनुराग ठाकुर द्वारा राहुल गांधी का उपहास उड़ाना निंदनीय था। आज जब केंद्र सरकार ने कांग्रेस के दबाव में यह निर्णय लिया, तो भाजपा इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जो जनता देख रही है।
इसके साथ ही धस्माना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारत-पाक युद्ध में अमेरिकी हस्तक्षेप, सीजफायर की विश्वसनीयता, पहलगाम हमले के दोषियों को सजा और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर संसद में चर्चा जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत की नीति के विपरीत अमेरिका द्वारा युद्धविराम की घोषणा और कश्मीर मुद्दे पर बयानबाज़ी ने देश को चौंका दिया है।
धस्माना ने कहा कि संकट की घड़ी में पूरा विपक्ष और 140 करोड़ जनता सरकार और सेना के साथ खड़ी रही, लेकिन अब देश को जवाब चाहिए और उसके लिए संसद सबसे उपयुक्त मंच है।
