चमोली पुलिस ने चारधाम यात्रा के लिए कसी कमर ,डीएम-एसपी ने पुलिस को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

चमोली पुलिस ने चारधाम यात्रा के लिए कसी कमर ,डीएम-एसपी ने पुलिस को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
Spread the love

चमोली। चारधाम यात्रा की शुरुआत से पहले चमोली जिले में प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम संदीप तिवारी ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की प्रतिष्ठा से जुड़ी है, इसलिए इसे सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए आरामदायक बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से विनम्र व्यवहार रखने और यात्रियों की हर संभव सहायता करने का आह्वान किया। साथ ही विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय और आकस्मिक स्थितियों के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।

एसपी सर्वेश पंवार ने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों के सख्त पालन, वन-वे सिस्टम, पार्किंग प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने टेक्नोलॉजी जैसे सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का प्रभावी इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया।

चारधाम यात्रा मार्ग को दो जोन और 19 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, पीएसी, एसडीआरएफ और होमगार्ड सहित सैकड़ों कर्मी तैनात किए जा रहे हैं। चमोली पुलिस इन व्यापक तैयारियों के साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए पूर्णतः तत्पर है।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी, चमोली के डीएसपी मदन सिंह बिष्ट, सहायक सेनानायक विपेन्द्र सिंह, डीएसपी अखिलेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles