चंपावत एस.एस. जीना विश्वविद्यालय के कैम्पस को 5 करोड़ जारी

चंपावत एस.एस. जीना विश्वविद्यालय के कैम्पस को 5 करोड़ जारी
Spread the love

देहरादून। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चम्पावत परिसर में अब विभिन्न निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। राज्य सरकार ने इस परिसर के लिए पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। इस धनराशि से केन्द्रीय पुस्तकालय, चाहरदीवारी और मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

सरकार की योजना चम्पावत कैम्पस को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की है, ताकि सीमांत क्षेत्र के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। वर्ष 2025-26 में इस परिसर के लिए पूंजीगत परिसंपत्तियों के सृजन मद में कुल 10 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसकी पहली किस्त अब जारी की गई है। विश्वविद्यालय परिसर में बनने वाला केन्द्रीय पुस्तकालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए एक उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध कराएगा। वहीं खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए कैम्पस में मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम भी विकसित किया जाएगा, जिसमें इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं होंगी। साथ ही परिसर की सुरक्षा और संरचना को मजबूत करने के लिए चाहरदीवारी का भी निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्यों के लिए ब्रिडकुल को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह परिसर सीमांत क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का एक आदर्श केंद्र बनेगा, जिससे उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

देवभूमि खबर

Related articles