HAWK EYE निगरानी में होगी चारधाम यात्रा,आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत किए गए सुरक्षा प्रबंधों का एसएसपी देहरादून ने लिया जायजा

HAWK EYE निगरानी में होगी चारधाम यात्रा,आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत किए गए सुरक्षा प्रबंधों का एसएसपी देहरादून ने लिया जायजा
Spread the love

देहरादून। चारों धामों के कपाट खुलने के साथ शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के दृष्टिगत पुलिस द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज दिनांक 28 अप्रैल 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा ऋषिकेश क्षेत्र में चारधाम यात्रा मार्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसएसपी देहरादून ने संपूर्ण यात्रा मार्ग का भ्रमण कर यात्रा में आने वाले वाहनों के संचालन और पार्किंग हेतु चिन्हित किए गए स्थानों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी देहरादून ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर स्थान-स्थान पर चारधाम रूट के फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग पर पहले से निर्धारित ड्यूटी के अतिरिक्त अलग से “चारधाम ट्रैफिक चीता मोबाइल” टीमें चलाई जाएंगी, जो नियमित रूप से पूरे मार्ग पर गश्त करेंगी और यातायात संचालन के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी, जहां से यात्रियों को यात्रा से संबंधित समस्त जानकारी प्राप्त हो सकेगी। संपूर्ण यात्रा मार्ग पर ड्रोन के माध्यम से पैनी निगरानी रखी जाएगी और अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध ड्रोन के माध्यम से चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व वर्षों में यात्रा संचालन के दौरान सामने आई कठिनाइयों का संज्ञान लेते हुए यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व ही उनकी समस्या निवारण हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।

यात्रा सीजन के दौरान यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए एक पूर्व तैयार यातायात योजना के तहत डायवर्जन प्वाइंट चिन्हित किए जाएंगे और यातायात दबाव अधिक होने की स्थिति में वहां से डायवर्जन कर यातायात को सुव्यवस्थित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा चारधाम यात्रा के लिए बनाए गए यात्रा रजिस्ट्रेशन ऑफिस और ट्रांजिट कैंप का भी निरीक्षण किया गया, जहां यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके बाद उन्होंने ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में नियुक्त कर्मियों को निर्देशित किया गया कि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24×7 निगरानी रखी जाए तथा प्रत्येक छोटी-बड़ी गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

इसके अतिरिक्त, यात्रा मार्ग पर यात्री वाहनों हेतु चिन्हित पार्किंग स्थलों पर बिजली, पानी, सूचना बोर्ड तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए।

देवभूमि खबर

Related articles