पीएमजीएसवाई कार्यों में लापरवाही पर मुख्य अभियंता हटाए गए, कई अभियंताओं को नोटिस
देहरादून। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत कार्यों में लापरवाही और बिना सूचना कार्यालय से अनुपस्थित रहने पर मुख्य अभियंता कुमायूं क्षेत्र, अल्मोड़ा एस.एन. सिंह को उनके मूल विभाग सिंचाई विभाग में वापस भेज दिया गया है। यह कार्रवाई सचिव ग्राम्य विकास के निर्देश पर यूआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु खुराना द्वारा की गई।
अगले आदेश तक अधीक्षण अभियंता पीएमजीएसवाई वृत्त ज्योलीकोट को मुख्य अभियंता कुमायूं क्षेत्र का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। एस.एन. सिंह पर कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान न देने, पर्यवेक्षण की कमी, अधीनस्थों पर नियंत्रण न होने और मुआवजा वितरण में धीमी प्रगति के आरोप लगे हैं।
कुमायूं क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत बन रही सड़कों की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। दन्या-आरा-सल्पड़ मोटर मार्ग की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायतों पर कार्रवाई न करने पर अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार, प्रभारी अधिशासी अभियंता ज्ञानेश चंद्र उपाध्याय और सहायक अभियंता के.एन. सती को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसी तरह, “एमआरएल 18 कसियालेख-बुदीबाना-सूपी” मोटर मार्ग की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायतों के संबंध में अधिशासी अभियंता मीना भट्ट और सहायक अभियंता संजय तिवारी (पीएमजीएसवाई, लोनिवि खंड काठगोदाम) को भी नोटिस भेजा गया है। सभी अधिकारियों को दो दिनों के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

