मुख्यमंत्री धामी ने 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी बसों को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री धामी ने 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी बसों को दिखाई हरी झंडी
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से आयोजित एक समारोह में उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टेम्पो ट्रैवलर) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 10 टेम्पो ट्रैवलर देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर चलेंगी। इस पहल से इन पर्यटन स्थलों पर जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जीटीसी हेलीपैड तक टेम्पो ट्रैवलर में यात्रा भी की और कहा कि यदि यह पहल सफल रहती है, तो ऐसी और सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह वातानुकूलित सेवाएं न केवल सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा का विकल्प देंगी, बल्कि राज्य की पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बल देंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार का लक्ष्य राज्य को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवाओं से जोड़ना है। परिवहन विभाग डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि लगातार तीन वर्षों से उत्तराखण्ड परिवहन निगम मुनाफे में है और इसे और मजबूत किया जा रहा है।

जल्द ही परिवहन निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा, जिसकी खरीद प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर प्रतिबद्ध है—चाहे वह डीए में बढ़ोतरी हो, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना हो या नई भर्तियां।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, प्रमुख सचिव एवं उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अध्यक्ष श्री एल. फैनई, निगम की एमडी श्रीमती रीना जोशी और परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles