चमोली में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 4382 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, 2599 महिलाएं मैदान में
चमोली। चमोली जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला पंचायत सदस्य, प्रधान ग्राम पंचायत, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए कुल 4382 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
इनमें 2599 महिला प्रत्याशी शामिल हैं, जो विभिन्न पदों के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगी। जिला पंचायत की 26 सीटों के लिए 138 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। 799 उम्मीदवार क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए, 1660 प्रधान ग्राम पंचायत पद के लिए और 1785 सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए नामांकन कर चुके हैं।
अब आगामी चरण में नामांकन पत्रों की जांच 7 से 9 जुलाई के बीच की जाएगी। इसके बाद 10 और 11 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न होगी। नाम वापसी के बाद प्रतीक आवंटन होगा, प्रथम चरण के लिए 14 जुलाई और द्वितीय चरण के लिए 18 जुलाई को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे।

