मुख्यमंत्री धामी ने किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री धामी ने किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का किया शुभारंभ
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर किसानों तक कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ जैसी तकनीक आधारित पहल किसानों को कृषि से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में मददगार साबित हो सकती है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी एवं अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसके साथ ही परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शामिल किया गया है।

एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। संस्था के अनुसार, एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, ताकि उन्हें कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक डिजिटल सहयोग मिल सके।

इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles