मुख्यमंत्री ने 112 नवनियुक्त परिवहन आरक्षियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, नई सड़क सुरक्षा नीति का भी किया उल्लेख
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में 112 नवचयनित परिवहन आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही, चारधाम यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता के लिए दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और परिवारजनों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में आरक्षियों की भूमिका यात्री सेवाओं, सड़क सुरक्षा, वाहन पंजीकरण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे अहम कार्यों में होती है, इसलिए यह नौकरी सिर्फ रोजगार नहीं बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन के साथ संवाद और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना सरकारी कर्मियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार चाहती है कि जनता का कार्य ऑटो मोड पर हो, बिना किसी अनावश्यक परेशानी के। भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार की “ज़ीरो टॉलरेंस नीति” का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 1064 पर भ्रष्टाचार की शिकायतों की प्रभावी सुनवाई की जा रही है।
सीएम धामी ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक प्रमुख चिंता है। राज्य में बढ़ते वाहनों की संख्या के साथ दुर्घटनाएं भी बढ़ी हैं, इसलिए फरवरी 2025 में नई उत्तराखण्ड सड़क सुरक्षा नीति 2025 लागू की गई है। इसका उद्देश्य 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को 50 प्रतिशत तक कम करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों व नवचयनित कर्मियों से इस लक्ष्य की प्राप्ति में सहयोग की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार योग्य युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में राज्य सरकार ने 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून राज्य में लागू किया गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो रही हैं।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले नौकरी में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार चरम पर था। लेकिन वर्तमान सरकार ने “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत बीते तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट लोगों को जेल भेजा है, और यह अभियान लगातार जारी है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजान दास, सचिव श्री बृजेश कुमार संत, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी तथा परिवहन विभाग के अधिकारी और सभी नवचयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
