गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा, व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों, तकनीकी व्यवस्थाओं, आवागमन, आवास तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही बड़े स्तर की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं तथा उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। राज्य सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखण्ड की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और आतिथ्य का प्रतीक बनना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक अरविन्द पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

