मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश – आपदा जोन में नहीं होगा कोई नया निर्माण

मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश – आपदा जोन में नहीं होगा कोई नया निर्माण
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में राज्य के आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा उपायों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, हिमस्खलन एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को तत्काल चिन्हित किया जाए, ताकि संभावित खतरे से पूर्व ही सतर्कता बरती जा सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर किसी भी प्रकार की नई बसावट या नए निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों और नालों के किनारों पर सरकारी या निजी निर्माण को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने के आदेश दिए गए।

उन्होंने चेतावनी दी कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि आपदा से बचाव हेतु रोकथाम के उपायों को प्राथमिकता दी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में जनहित को ध्यान में रखते हुए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles