मुख्य सचिव ने यूपीसीएल की समीक्षा बैठक ली, तकनीक और दक्षता बढ़ाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने यूपीसीएल की समीक्षा बैठक ली, तकनीक और दक्षता बढ़ाने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ठोस लक्ष्य निर्धारित करने और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यूपीसीएल से आगामी तीन से पांच वर्षों की दीर्घकालिक योजना भी प्रस्तुत करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि कॉर्पोरेशन को आधुनिकतम तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का अधिकतम उपयोग करना चाहिए, जिससे कार्यों में दक्षता बढ़े और नुकसान में कमी आए। उन्होंने खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने की प्रक्रिया में तेजी लाने और रिस्पॉन्स टाइम को लगातार घटाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन और 1905 पर मिलने वाली शिकायतों जैसे बिजली के खंभों के झुकने, तारों के लटकने आदि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इन समस्याओं को मिशन मोड में निपटाने के लिए प्रदेशभर में सर्वेक्षण कराने और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने यूपीसीएल को संचालन और रखरखाव खर्च को कम करने हेतु थर्ड पार्टी एनालिसिस करवाने की सलाह दी। साथ ही डिस्ट्रीब्यूशन लॉस को घटाने और एग्रीगेट टेक्निकल एंड कमर्शियल लॉसेज (AT&C Losses) को चरणबद्ध रूप से कम करने के प्रयासों पर बल दिया। उन्होंने बैटरी स्टोरेज जैसे वैकल्पिक ऊर्जा भंडारण विकल्पों पर भी विचार करने की आवश्यकता बताई।

बैठक में स्मार्ट मीटरिंग को लेकर भी प्रगति पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि थ्री फेज HTC/ LTCT कनेक्शन, फीडर और डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर मीटर को स्मार्ट मीटर में जल्द से जल्द बदला जाए और निर्धारित समय सीमा में यह कार्य पूरा किया जाए।

बैठक में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक श्री अनिल कुमार ने जानकारी दी कि उत्तराखण्ड की इनपुट एनर्जी में वृद्धि हुई है और डिस्ट्रीब्यूशन लॉस में लगातार कमी आ रही है। बिलिंग और रिवेन्यू कलेक्शन में भी सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखण्ड का AT&C लॉस राष्ट्रीय औसत से बेहतर स्थिति में है और पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के बाद उत्तराखण्ड इस क्षेत्र में अग्रणी है।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित यूपीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles