हरिद्वार । बैरागी कैंप में प्रस्तावित कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भ्रमण को लेकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा पुलिस-प्रशासन के समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा, आपातकालीन एवं अग्निशमन सेवाएं पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और शहर में जाम की स्थिति न बनने देने के लिए पुलिस को विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान आयुक्त गढ़वाल श्री विनय शंकर पाण्डे, जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
