बादल फटने की घटनाओं पर सीएम धामी सख्त, जिलाधिकारियों को दिए त्वरित राहत-रेस्क्यू के निर्देश
देहरादून। जनपद रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर के कुछ क्षेत्रों में बादल फटने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों से फोन पर वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि प्रभावित लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जाए और किसी भी प्रकार की देरी न हो।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित आपदा प्रबंधन की उच्चस्तरीय बैठक में श्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में सभी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। सड़क, विद्युत और पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उन्हें तुरंत बहाल करने के आदेश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर के जिलाधिकारियों से घटनाओं की विस्तृत जानकारी ली और राहत-रेस्क्यू कार्यों में और तेजी लाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने नैनीताल जिलाधिकारी से भी बारिश और सड़कों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि पूरे मानसून सीजन तक शासन और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहे। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों द्वारा आपदा राहत कार्यों हेतु आवश्यक संसाधन व सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं और प्रभावित परिवारों को निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, प्रमुख सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए. पी. अंशुमान, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय तथा विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते उपस्थित रहे।

