वृद्धजन दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, 9.93 लाख पेंशनरों को 147.34 करोड़ रुपये की पेंशन जारी

वृद्धजन दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, 9.93 लाख पेंशनरों को 147.34 करोड़ रुपये की पेंशन जारी
Spread the love

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए सिविल सेवा कोचिंग का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों तथा निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में चयनित पांच छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सितंबर माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी एक क्लिक के माध्यम से जारी की गई।

मुख्यमंत्री ने 9,93,886 पेंशनरों के खातों में सितंबर माह की पेंशन के रूप में 147 करोड़ 34 लाख 53 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की। इसके साथ ही उन्होंने वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी वरिष्ठजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के सानिध्य में परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। बच्चों को संस्कार, जीवन के आदर्श और अनुभव वरिष्ठजनों से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार के सुरक्षा कवच होते हैं और उनके कारण घर में अनुशासन तथा आत्मीयता बनी रहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रदेश के मुख्य सेवक के साथ-साथ उत्तराखंड के बेटे भी हैं और प्रदेश के प्रत्येक वरिष्ठजन के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी उनकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन दे रही है तथा पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ी है; सितंबर की जारी राशि के साथ 9,93,886 लाभार्थियों को भुगतान किया गया।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के लिए राज्य के विभिन्न जनपदों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं। देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा भी वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू किया गया है। दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, समाज कल्याण विभाग के सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक संजय कुमार, निदेशक जनजाति कल्याण संजय सिंह टोलिया, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, पूजा नेगी, हेमलता पाण्डेय, गोरधन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles