थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को प्रदान किए 5-5 लाख के तत्कालिक सहायता धनराशि के चेक

थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का सीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को प्रदान किए 5-5 लाख के तत्कालिक सहायता धनराशि के चेक
Spread the love

चमोली।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चमोली जनपद के आपदा प्रभावित क्षेत्र थराली का दौरा किया और प्रभावितों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए राहत कार्यो की समीक्षा भी की।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों को 24×7 मोड पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के स्तर पर राहत व बचाव कार्यों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने थराली क्षेत्र में हुई प्राकृतिक आपदा के बाद चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत कार्यो की सराहना की।

कुलसारी में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण करते हुए सीएम धामी ने प्रभावितों से व्यवस्थाओं और यहां पर मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी संवेदनशीलता के साथ उन्हें सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

सीएम ने आपदा में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों एवं मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की तत्काल सहायता राशि चेक प्रदान किए। साथ ही बेघर हुए लोगों के पुनर्वास की उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान प्रभावितों ने मुख्यमंत्री से अपना दुःख साझा किया, जिस पर उन्होंने पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित राहत शिवरों में ठहराया गया है और वहां भोजन, रुकने की व्यवस्था और उचित चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। कुलसारी पॉलिटेक्निक में 12, प्राथमिक विद्यालय चेपड़ो में 36 और थराली अपर बाजार के प्राथमिक विद्यालय में 20 लोगों को ठहराया गया है।

डीएम ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों को सुचारू कर दिया गया है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी। क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत और नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मलवा सफाई और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का आंकलन भी किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता, एसडीएम सोहन सिंह रांगड, एसडीएम पंकज भट्ट, सीओ अमित कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles