सीएम हेल्पलाइन पर मिली सफलता की पुष्टि, मुख्यमंत्री ने खुद शिकायतकर्ताओं से पूछा— “आपका काम हुआ कि नहीं?”
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सीएम हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर सीधे फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या उनकी समस्याओं का समाधान हुआ है—और सभी शिकायतकर्ताओं ने संतुष्टि जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद उनका काम हो गया है।
मुख्यमंत्री ने यह संवाद मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान किया, जिसमें उन्होंने पहले से निर्धारित कुछ मामलों में विभागों की कार्यप्रणाली की भी जांच की। सभी संबंधित विभागों ने समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया, जिसकी पुष्टि स्वयं शिकायतकर्ताओं ने की।
उत्तरकाशी की लक्ष्मी देवी, जिन्होंने पारिवारिक पेंशन की समस्या को लेकर शिकायत की थी, ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पेंशन स्वीकृत हो गई है। रुद्रप्रयाग के जगदम्बा प्रसाद नौटियाल ने भी बताया कि उनका मेडिकल बिल भुगतान अब हो चुका है। नैनीताल के बहादुर सिंह बिष्ट, जो उद्यान विभाग से सेवानिवृत्त हैं, ने कहा कि उन्हें जीपीएफ का भुगतान मिल गया है।
मुख्यमंत्री धामी की यह पहल दिखाती है कि वे न केवल बैठकों में निर्देश देते हैं, बल्कि उनके पालन की वास्तविक स्थिति भी संवेदनशीलता से जांचते हैं। इससे विभागों पर भी समयबद्ध कार्रवाई का दबाव बना है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, एडीजी ए.पी. अंशुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।
