भाजपा नेता हिमांशु चमोली को बचाने के लिए FIR को मामूली तरीके से लिखने का कांग्रेस का आरोप,किया पुतला दहन, कानून व्यवस्था बताई ध्वस्त
नई टिहरी। शहर कांग्रेस कमेटी नई टिहरी ने आज प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। यह कार्यक्रम शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार के नेतृत्व में किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नौ हिमालयी राज्यों में महिला अपराधों में उत्तराखंड पहले स्थान पर है। पंचायत चुनावों में खुलेआम गोलीबारी हो रही है, विपक्षी नेताओं और विधायकों के साथ हाथापाई व गाली-गलौज होती है, बावजूद इसके जिम्मेदार अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
पार्टी नेताओं ने हाल ही में पौड़ी निवासी युवक जितेंद्र कुमार की आत्महत्या प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा कि वायरल वीडियो में उसने भाजपा युवा मोर्चा नेता हिमांशु चमोली पर लाखों की ठगी और दबाव बनाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा हिमांशु चमोली को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है और पूरे मामले की लीपापोती की जा रही है।
कांग्रेस ने मांग की कि इस प्रकरण की न्यायिक जांच हो, हिमांशु चमोली के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर आवश्यकतानुसार उन्हें सहअभियुक्त बनाया जाए। साथ ही ठगी की बड़ी राशि का पता लगाकर यह भी जांच की जाए कि इसका इस्तेमाल कहां-कहां हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने जितेंद्र कुमार के परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई।
पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानसिंह रौतेला, पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र रमोला, पूर्व प्रमुख सोबन सिंह रावत, आनंद सिंह बेलवाल, ज्योति प्रसाद भट्ट, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, दर्शनी रावत, देवेंद्र नौटियाल, हरि सिंह मखालोग, विजेंद्र सिंह नेगी, ममता उनियाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

