टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी को दिखाए काले झंडे

Spread the love

टिहरी। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को टिहरी पहुंचे प्रभारी मंत्री गणेश जोशी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू करने और शिलान्यास की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर और हाथों में काले झंडे लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज निर्माण में हो रही देरी को लेकर अपना आक्रोश जताया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर 16 अगस्त से धरना चल रहा है और आंदोलन को 45 दिन से अधिक समय हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार आंदोलन के बावजूद सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और इसी तरह काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि टिहरी जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना आवश्यक है। मेडिकल कॉलेज बनने से क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और मरीजों को उपचार के लिए देहरादून सहित अन्य शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।

प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार, देवेंद्र नौटियाल, आशा रावत, नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला, जुनैद खान, अरशद, लखबीर चौहान, राजेश, इमरान खान, जमीर, मोहित रावत, सुरेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles