न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी पर अलर्ट, आईजी गढ़वाल के निर्देश पर बढ़ाई गई सुरक्षा

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में ई-मेल के माध्यम से माननीय न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, ने सभी जिला पुलिस प्रभारियों को न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं।

आईजी गढ़वाल ने न्यायालयों में तैनात सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाने तथा प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग सुनिश्चित कराने को कहा है। इसके साथ ही सभी जनपद प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन एवं एंटी-सबोटाज चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की मदद से न्यायालय परिसरों में विस्तृत जांच की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, किसी भी संदिग्ध वस्तु या सूचना मिलने पर निर्धारित एसओपी के तहत सुरक्षित निकासी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।

धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए एसटीएफ और साइबर सेल की विशेष टीमों की सहायता ली जा रही है, ताकि मामले का शीघ्र अनावरण किया जा सके।

आईजी गढ़वाल ने आमजन एवं अधिवक्ताओं से अपील की है कि किसी भी लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु, वाहन या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Next Post

सूबे में अपनाया जायेगा गुजरात का सहकारिता माॅडलः डाॅ. धन सिंह रावत

Spread the love गुजरात/देहरादून।सूबे के सहकारिता मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान आज गांधीनगर में सहकारिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर संस्थानों के कार्यकलापों, अन्न भंडारण व्यवस्था, बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल विस्तार और किसानों के […]