त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा, प्रदेशभर में चला खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रदेशभर में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य कारोबार में लापरवाही व मिलावट के मामलों में किसी भी सूरत में ढिलाई न बरती जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि मिलावटखोरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान लगातार चलाया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं तक केवल सुरक्षित और गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री ही पहुंच सके। कुमाऊँ मंडल के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 200 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए और 100 किलो से अधिक अनुचित खाद्य सामग्री जप्त कर नष्ट की गई। कुल 252 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और दोषी पाए गए कारोबारियों पर विधिक कार्रवाई की गई, साथ ही 180 से अधिक खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। नवरात्रि पर्व को देखते हुए व्यापारियों और संगठनों के बीच जन-जागरूकता गोष्ठियां भी आयोजित की गईं।
गढ़वाल मंडल में 27 सितम्बर को बड़े पैमाने पर निरीक्षण और सैंपलिंग की गई। उत्तरकाशी में 8 निरीक्षण और 2 नमूने, टिहरी में 2 निरीक्षण, रुद्रप्रयाग में 3 निरीक्षण, चमोली में 4 निरीक्षण, देहरादून में 3 निरीक्षण और 2 नमूने, हरिद्वार में 2 निरीक्षण, पौड़ी में 3 निरीक्षण जबकि श्रीनगर में 18 निरीक्षण और 11 नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त नैनीताल (गढ़वाल सीमा क्षेत्र) में भी 2 नमूने संकलित किए गए।
त्योहारी मौके पर मिलावट की शिकायतों के बाद 27 सितम्बर की शाम लगभग 7 बजे भगवानपुर ब्लॉक के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में खाद्य सुरक्षा एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई का नेतृत्व गढ़वाल मंडल के उपायुक्त राजेन्द्र सिंह रावत ने किया। उनके साथ अभिहित अधिकारी हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पांडे (रुड़की), खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार (भगवानपुर) और पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य कारोबारी आलिम ने स्वयं स्वीकार किया कि वह मिल्क पाउडर और वनस्पति तेल से पनीर बनाता है और उसे जमाने के लिए एसिड का प्रयोग करता है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। संभावित मिलावट की आशंका पर दो पनीर और एक दूध का नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है तथा प्रतिष्ठान पर आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।

