
देहरादून । डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी 2026 को हुई विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा एसटीएफ उत्तराखण्ड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने कर दिया है। साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह वांछित अभियुक्तों पर एसएसपी देहरादून द्वारा ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
घटना की जानकारी देते हुए एसएसपी देहरादून ने बताया कि हत्या की साजिश कई माह पूर्व रची गई थी। अभियुक्तों ने पहले जमशेदपुर और नोएडा में विक्रम शर्मा को ठिकाने लगाने की योजना बनाई, लेकिन पर्याप्त मौका न मिलने पर देहरादून को चुना गया। साजिश के तहत एक आरोपी ने करीब तीन माह पूर्व उसी जिम को ज्वाइन किया, जहां विक्रम नियमित रूप से जाता था। घटना के दिन उसी ने फोन कर साथियों को विक्रम के जिम में होने की सूचना दी, जिसके बाद बाहर निकलते ही गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान अमन विहार, रायपुर निवासी विक्रम शर्मा के रूप में हुई, जो झारखंड का कुख्यात अपराधी रहा है और हत्या, हत्या के प्रयास व रंगदारी जैसे मामलों में संलिप्त रहा था।
जांच में सीसीटीवी व सर्विलांस के आधार पर तीन हमलावरों द्वारा मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देना सामने आया। घटना के बाद आरोपी सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाइक छोड़कर हरिद्वार से रेंट पर ली गई स्कूटी व बाइक से फरार हुए और फिर एक काली स्कॉर्पियो (जेएच-05-डीजेड-5517) से नोएडा की ओर निकल गए।
तफ्तीश में जमशेदपुर निवासी राजकुमार को 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। 23 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के एल्फा-2 अपार्टमेंट से स्कॉर्पियो बरामद कर मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कई माह पहले हत्या की साजिश रची थी। जमशेदपुर और नोएडा में भी विक्रम को मारने की योजना बनी, लेकिन मौके न मिलने पर देहरादून को चुना गया।
साजिश के तहत अंकित वर्मा ने उसी जिम को ज्वाइन किया, जहां विक्रम रोज जाता था। घटना के दिन उसी ने साथियों को फोन कर विक्रम के जिम में होने की सूचना दी, जिसके बाद आशुतोष और विशाल ने बाहर निकलते ही गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे आपराधिक वर्चस्व और व्यावसायिक रंजिश की पृष्ठभूमि सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार अभियुक्तों की तलाश में टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने विश्वास जताया है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
