पीएम नरेंद्र मोदी ने 12 हजार करोड़ के दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का किया उद्घाटन, यात्रा समय हुआ आधा
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड से 210 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने दात काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर अब करीब 6 घंटे से घटकर लगभग 3 घंटे रह जाएगा, जिससे चारधाम यात्रा और पर्यटन को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बैसाखी और बिहू की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कॉरिडोर उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए सामाजिक न्याय और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को देश की प्रगति का आधार बताया। साथ ही महिला आरक्षण कानून और समान नागरिक संहिता जैसे कदमों को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में देश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व निवेश हुआ है और उत्तराखंड में भी सड़कों, रेल, रोपवे और चारधाम परियोजनाओं से तेजी से विकास हो रहा है। यह कॉरिडोर न केवल यात्रा समय घटाएगा बल्कि ईंधन की बचत, पर्यटन वृद्धि और किसानों को बाजार तक तेजी से पहुंच जैसी सुविधाएं भी देगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के आर्थिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने राज्य में चल रही सड़क और बाईपास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता पर जोर देते हुए देवभूमि को स्वच्छ रखने की अपील की और कहा कि विकास, प्रकृति और संस्कृति के संतुलन के साथ ही विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होगा।

