गौतस्करों पर देहरादून पुलिस का शिकंजा ,15,000 का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

गौतस्करों पर देहरादून पुलिस का शिकंजा ,15,000 का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। गौकशी और गौतस्करी के मामलों में वांछित 15,000 रुपये के इनामी बदमाश एहसान को देहरादून पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तड़के सुबह सहसपुर क्षेत्र के तिमली धर्मावाला में हुई, जब पुलिस चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की।

पुलिस ने पीछा किया, जिस दौरान बदमाश ने तिमली जंगल में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए विकासनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गंभीर आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार बदमाश एहसान सहारनपुर का शातिर गौतस्कर है, जिस पर क्लेमेंट टाउन थाने में 15,000 रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा, वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी वांछित था। पुलिस के अनुसार, वह विकासनगर और पुरूवाला (हिमाचल प्रदेश) में हाल ही में हुई गौकशी की घटनाओं में भी शामिल था और पुलिस के डर से सहसपुर क्षेत्र में छिपा हुआ था।

पुलिस ने बदमाश से एक बाइक, एक 12 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी विकासनगर ने अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली।

पुलिस बदमाश के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles