बर्नीगाड़ को 217 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने 38 कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित जनसेवा शिविर में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण के पूर्व में घोषित कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना खंड पुरोला के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये तथा सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये का एक कार्य, समग्र शिक्षा के 1.25 करोड़ रुपये के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा का 1.36 करोड़ रुपये का एक कार्य तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना खंड पुरोला के 18.76 करोड़ रुपये के तीन कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
**जनसेवा शिविर में लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण**
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत चेक एवं उपकरण वितरित किए और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। क्षेत्रवासियों, युवाओं और मातृशक्ति से मिले स्नेह एवं उत्साह के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
**महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर सरकार का जोर**
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, पर्यटन, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और महिलाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
**चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन**
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। सरकार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाओं को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात देने और राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


