दून के 168 सरकारी स्कूलों में 3.67 करोड़ से डिजिटल क्रांति, 884 स्मार्ट टीवी इंस्टॉलेशन शुरू

दून के 168 सरकारी स्कूलों में 3.67 करोड़ से डिजिटल क्रांति, 884 स्मार्ट टीवी इंस्टॉलेशन शुरू
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के अंतर्गत जनपद के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

इस परियोजना के तहत 3.67 करोड़ रुपये की लागत से कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं। सभी विद्यालयों में स्मार्ट टीवी की आपूर्ति पूर्ण हो चुकी है और इंस्टॉलेशन प्रक्रिया तेजी से जारी है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक-सक्षम, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल और डिजिटल पाठ्य सामग्री का उपयोग किया जाएगा। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रोचक और सहभागितापूर्ण बनेगी। विद्यार्थियों को दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या, शैक्षिक वीडियो और वर्चुअल कक्षाओं जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा।

परियोजना के तहत विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार 43 इंच और 55 इंच के स्मार्ट टीवी खरीदे गए हैं। इसके लिए धनराशि जिला खनन न्यास से उपलब्ध कराई गई है। इससे पूर्व जिला प्रशासन द्वारा 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से सभी सरकारी विद्यालयों को फर्नीचरयुक्त किया जा चुका है।

स्मार्ट टीवी की खरीद प्रक्रिया जैम पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी ई-टेंडरिंग के जरिए की गई, जिसमें 12 फर्मों ने भाग लिया। तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद न्यूनतम दर वाली पात्र फर्म का चयन किया गया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि यह पहल जनपद में शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि शीघ्र ही सभी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण सुविधा सुनिश्चित की जाए, जिससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक-आधारित शिक्षण वातावरण विकसित हो सके।

देवभूमि खबर

Related articles