चमोली में जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

चमोली में जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
Spread the love

चमोली।त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत गुरुवार को चमोली जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित नौ विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए मतदान और मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने विजेता जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र प्रदान किया, जबकि सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर रिटर्निंग ऑफिसर्स ने संबंधित विजेताओं को प्रमाण पत्र सौंपे।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर मटई वार्ड से सदस्य दौलत सिंह बिष्ट ने 19 मत प्राप्त कर उर्गम वार्ड की रमा देवी (5 मत) को पराजित किया, जबकि दो मत रद्द घोषित हुए। उपाध्यक्ष पद पर रानौ वार्ड के लक्ष्मण सिंह ने 15 मत प्राप्त कर देवर-खडोरा वार्ड के जय प्रकाश पंवार (11 मत) को हराया।

नौ विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख पदों पर ज्योतिर्मठ में अनूप सिंह नेगी, पोखरी में राजी देवी, थराली में प्रवीण पुरोहित, देवाल में तेजपाल सिंह, कर्णप्रयाग में दीपिका, दशोली में बिनीता देवी, नंदानगर में हिमा नेगी, गैरसैंण में दुर्गा देवी और नारायणबगड़ में गणेश प्रसाद ने जीत दर्ज की। ज्येष्ठ और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों पर भी सभी स्थानों पर निर्वाचित प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी।

देवभूमि खबर

Related articles