सुद्दोवाला में विवादित वाइन और बीयर शॉप पर डीएम ने की सुनवाई, दो दिन में होगा फैसला

सुद्दोवाला में विवादित वाइन और बीयर शॉप पर डीएम ने की सुनवाई, दो दिन में होगा फैसला
Spread the love

देहरादून। ग्राम सुद्दोवाला में स्थित विवादित वाइन और बीयर शॉप को बंद किए जाने की मांग पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने दोनों पक्षों की सुनवाई की। ग्रामीणों ने शिक्षण संस्थानों और स्थानीय लोगों पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव का हवाला देते हुए दुकान बंद करने की मांग की, जबकि दुकान संचालकों ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने का दावा किया।

स्थानीय महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण लंबे समय से दुकान के खिलाफ धरना दे रहे हैं। उन्होंने शॉप के स्थान को लेकर भी आपत्ति जताई, जिसमें कहा गया कि शराब की दुकान के लिए अनुमति चकराता रोड पर ली गई थी, लेकिन यह भाउवाला रोड पर संचालित हो रही है। ग्रामीणों ने मानकों के उल्लंघन और झूठे मुकदमों में फंसाने की आशंका भी जाहिर की।

वाइन और बीयर शॉप संचालकों ने दावा किया कि उन्होंने वैध रूप से लाइसेंस प्राप्त किया है और जहां दुकान संचालित हो रही है, वह कमर्शियल संपत्ति है तथा एमडीडीए से स्वीकृत है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्थानीय अधिसूचना इकाई की रिपोर्ट और सभी तथ्यों की समीक्षा के बाद दो दिन के भीतर निर्णय देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय विधायक भी ग्रामीणों के समर्थन में डीएम से मुलाकात कर चुके हैं।

इस सुनवाई के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, दोनों पक्षों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles