तहसील रूड़की में लम्बित वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, डीएम ने किया निरीक्षण
हरिद्वार।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तहसील रूड़की में कम्प्यूटर लैब के शुभारंभ के अवसर पर तहसील कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तहसील में अपनी समस्या लेकर आने वाले नागरिकों को अनावश्यक रूप से बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। सभी मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने तहसील में लंबित वादों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि जो मामले लंबे समय से लंबित हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेट, उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

